हमें कॉलोनियल आर्किटेक्चर पसंद है
अंग्रेज़ों के बनाए घरों में
रहना अच्छा लगता है
हमें लगता है कि
हमने भी जीवन में कुछ पा लिया है
जाने-अनजाने स्वामी के घर में रहकर
स्वामित्व का भाव आ जाता है
हम यह नहीं सोचते कि
कभी हम इनके ग़ुलाम थे
दरअसल,
हम यही सोचते हैं कि
कभी हम इनके ग़ुलाम थे
और आज देखो
हमने उन्हें बेदख़ल करके
उनके ही बनाए घर को
अपना बना लिया
कितना बड़ा सफ़र
तय कर लिया है
राहुल उपाध्याय | 26 नवंबर 2026 | गोआ

0 comments:
Post a Comment