Monday, April 12, 2010

ब्राउनियन मोशन में जीव-सार सारा


झोपड़ी के दीप सा टिमटिमाता तारा
भटकता है नभ में ज्यों भटके शिकारा

भटकना ही जीव का दीन-ओ-धरम है
ब्राउनियन मोशन में जीव-सार सारा

भटकना न होता तो पाषाण होते
न हिलते, न डुलते, न होते बीच धारा


जीवन है जीना तो बहना है निश्चित
जीते जी किसी को न मिलता किनारा

मोक्ष की आस में आँख जो हैं मूंदे
चेतन से जड़ की और जा रहे हैं यारा

सिएटल । 425-445-0827
12 अप्रैल 2010
=================================
ब्राउनियन मोशन =
Brownian Motion

Wednesday, April 7, 2010

कैलेंडर और घड़ी

कैलेंडर है एक
तिथियाँ कई हैं
इनमें स्थित
परिस्थितियाँ कई हैं

कैलेंडर से छोटी
कैलेंडर से बड़ी
दुनिया में नहीं
कोई ऐसी किताब
बारह पन्नों के बीच में
जो सौंप दे सारा जहाँ

बच्चों की छुट्टी
बुआ का ब्याह
ग्वाले का दूध
धोबी की लिस्ट
पड़ोसी का डिनर
मौसी का नम्बर
सोख लेता है सब का सब
खानों में खचा-खच
ये कैलेंडर

इसमें छिपा है
हम सबका हाल
इसे पता है
पग पग की बात

राम का जन्म
रावण का दाह
पितरों का श्राद्ध
होली की आग
गाँधी का जन्म
आज़ादी की रात

अरे!
तो हम कभी गुलाम थे?
परदेसी करते हम पे राज थे?
करते उन्हें हम सलाम थे?

आँखें हमारी ये है खोलता
खून हमारा है खौलता
अपनी किस्मत को हम हैं कोसते
तारीख़ बदलने को हैं दौड़ते
तारीख़ तो बदल सकते नहीं
तारीखें बदल कर रह जाते हैं
महीनों के नाम अदल-बदल कर
संवत् नए चिपकाते हैं

लेकिन
घड़ी की टिक-टिक नहीं बदल पाते हैं
और वो वही की वही टिकी रह जाती है
जहाँ लंदन के आका उसे सेट कर जाते हैं

आज भी ग्रीनविच का दिल इसमें है धड़कता
आज भी काँटे उन्हीं के हैं घूमते
बेड़िया नज़र आती नहीं
मगर हम हथकड़ी उन्हीं की पहन कर हैं घूमते

सिएटल । 425-445-0827
7 अप्रैल 2010
=================================
कैलेंडर = calendar; लिस्ट = list; डिनर = dinner;
नम्बर = number; तारीख़ = history, date;

Monday, April 5, 2010

मैंने मोहब्बत की है

मैंने मोहब्बत की है और अनेकों से की है
जिसकी सज़ा मुझे बरोबर मिली है

कहता था मैं महबूब जिनको
पाता हूँ आज मैं दूर उनको

ऐसा नहीं कि मोहब्बत में कमी थी
बस फ़क़त एक की वो जागीर नहीं थी

दुनिया को मोहब्बत से भली रंजिश लगी है
इसीलिए तो हो एक से ऐसी बंदिश नहीं है

झूठ कहती है दुनिया कि मोहब्बत निभाओ
नियम तो यह है कि जिसे ब्याहो, बस उसे ही चाहो

दिल दिया कुदरत न मुझको
फिर नियम क्यूँ इंसां के मानूँ?
कब कहाँ बैठे उठे ये
किताब पढ़ कर क्यूँ ये जानूँ?

झूठी दुनिया
झूठे लोग
इनके रोके
कब रूका ये रोग

इश्क़ हुआ है
और इश्क़ होगा
एक नहीं
कई बार होगा

सिएटल । 425-445-0827
5 अप्रैल 2010

Friday, April 2, 2010

सोते हैं हम सभी

खोते हैं जब कभी
रोते हैं हम सभी
रटे-रटाए से
तोते हैं हम सभी

इक दिन तो होना है
पाया जो खोना है
फिर भी उदास क्यूँ
होते हैं हम सभी

जग ने ये जाना है
घर ये बेगाना है
निर्वस्त्र हो कर के
सोते हैं हम सभी

खा कर के कसमें
रहते हैं जग में
स्वछंद जीवन क्यों
खोते हैं हम सभी

टीका लगाते हैं
गंगा नहाते हैं
अपने कर्मार्थ को क्यूँ
धोते हैं हम सभी

न तो हम ईसा है
ना ही मसीहा है
सूली का बोझ क्यों
ढोते हैं हम सभी

जीवन तो चलता है
पल-पल पनपता है
जीवन के बीज को
बोते हैं हम सभी

दीपक एक बुझता है
दीपक एक जलता है
दीपक की लौ के
सोते हैं हम सभी

सिएटल । 425-445-0827
2 अप्रैल 2010
=====================
सोता -- नदी की छोटी शाखा

Thursday, April 1, 2010

बदलते ज़माने के बदलते ढंग हैं मेरे


बदलते ज़माने के बदलते ढंग हैं मेरे
नए हैं तेवर और नए ही रंग हैं मेरे

शुद्ध भाषा के शीशमहल में न रख सकोगे कैद मुझे
मैं तुम्हे आगाह कर देता हूँ कि संग संग हैं मेरे

ये तेरी-मेरी भाषा का साम्प्रदायिक तर्क तर्क दो
जैसे सुंदर हैं तुम्हारे वैसे ही सुंदर अंग हैं मेरे

कहीं संकीर्णता का जंग खोखला न कर दे साहित्य को
इसलिए हर महफ़िल में छिड़ते हैं हर रोज़ जंग मेरे

संस्कृत से है माँ का रिश्ता और उर्दू बहन है मेरी
खिलाती-पिलाती है अंग्रेज़ी और बॉस फ़िरंग हैं मेरे

माँ-बहन को एक करना चाहता है 'राहुल'
नासमझ समझेंगे कि ये नए हुड़दंग हैं मेरे

सिएटल । 425-445-0827
================================
संग (उर्दू) - stone; संग (हिंदी) - with
तर्क (उर्दू) - abandon; तर्क (हिंदी) - arguments
जंग (उर्दू) - war; जंग (हिंदी) - rust

Wednesday, March 31, 2010

21 वीं सदी


डूबते को तिनका नहीं लाईफ़-गार्ड चाहिए
ग्रेजुएट को नौकरी ही नहीं ग्रीन-कार्ड चाहिए

खुशीयाँ मिलती थी कभी शाबाशी से
हर किसी को अब मॉनेट्री रिवार्ड चाहिए

जो करते थे दावा हमारी हिफ़ाज़त का
उन्हे अपनी ही हिफ़ाज़त के लिये बॉडी-गार्ड' चाहिए

घर बसाना इतना आसान नहीं इन दिनों
कलेजा पत्थर का और हाथ में क्रेडिट-कार्ड चाहिए

फ़ेसबुक, ट्वीटर और ब्लाग के ज़माने में
भुला दिये गये हैं वो जिन्हे सिर्फ़ पोस्ट-कार्ड चाहिए

सिएटल । 425-445-0827
==========================
लाईफ़-गार्ड lifeguard; ग्रेजुएट = graduate;
ग्रीनकार्ड = green card; मॉनेट्री रिवार्ड = monetary reward;
बॉडी-गार्ड = bodyguard; क्रेडिट-कार्ड = credit card;
फ़ेसबुक = facebook; ट्वीटर = twitter;
ब्लाग = blog; पोस्ट-कार्ड = post card;

Friday, March 26, 2010

बिल तो है बिल

बिल तो है बिल
बिल का विश्वास, क्या कीजै
हो गया जो
जैसे तैसे पास, क्या कीजै

महीनों से सुनते आए,
पास जो बिल हो जाए
दुखड़े हमारे दिल के
दूर भगा ले जाए
बिल में है क्या-क्या कोई
मुझको बता ना पाए
जल्दी में है हर कोई
जल्दी में सब निपटाए
कुछ न कहे ये,
चुप ही रहे ये,
सब के सब हैरान
हड़बड़ी ने किया विनाश, क्या कीजै

बेकारी, बेरोज़गारी
बढ़ती है, बढ़ती जाए
घर से बेघर हो कर के
लाखों सड़क पे आए
दर्द मगर इन लोगों का
इनसे न देखा जाए
बिल कैसे पास होगा
चिंता यही थी हाए
कुछ न करे ये,
खुद में रहे ये,
जग से ये अनजान
हो गया हूँ मैं उदास, क्या कीजै…

सिएटल । 425-445-0827
26 मार्च 2010
(
अनजान से क्षमायाचना सहित)