Thursday, September 3, 2026

भाषा ये भाई नहीं

मूलियों का मूल्य नहीं

मूंगफली में मूंग नहीं

गांधारी पे गन नहीं

बैंगन पे बैन नहीं 

अजवाइन में वाइन नहीं

भाषा ये भाई नहीं


जामुन में जाम नहीं 

पाजेब में जेब नहीं

मंथन का मन नहीं 

धंधे में धन नहीं

चारपाई में पाई नहीं

भाषा ये भाई नहीं


सैंडल में सैंड नहीं 

टिन्डे में टिन नहीं

लौकी में लौ नहीं

भिन्डी भी भिन्न नहीं

टाइटल में टाई नहीं

भाषा ये भाई नहीं


ईमान का मान नहीं

संतों की संतान नहीं 

संतान भी संत नहीं

फ़र्ज़ी के फ़र्ज़ नहीं

ए-आई में आई नहीं

भाषा ये भाई नहीं


रोकड़ा न कभी रुके

दीपक से कुछ न पके

समोसा न मौसा दे

नाना न ना कहे

(समधन की नाक है)

ए-आई में आय नहीं

भाषा ये भाई नहीं


पर्दे के पर नहीं

सर्दी में सर नहीं

अरबी में अरब नहीं 

चीनी, पर चीनी नहीं 

वायलेंस में वाई नहीं 

भाषा ये भाई नहीं


घासलेट में घास नहीं 

चौके में चौक नहीं 

शक्कर पे शक नहीं 

बाइक पे बाई नहीं

वायरस में वाई नहीं

भाषा ये भाई नहीं


राहुल उपाध्याय । 3 सितंबर 2026 । सिएटल 

इससे जुड़ीं अन्य प्रविष्ठियां भी पढ़ें


0 comments: